उन्नाव। कांशीराम चौकी पुलिस पर वाहन चेकिंग के दौरान उगाही का आरोप लगा 20 लोगों ने देर रात एसपी आवास के बाहर हंगामा किया। कोतवाल ने आरोपों की जांच की तो चौकी पुलिस द्वारा बनाए गए वीडियो के आधार पर बिना हेलमेट वाहनों के चालान होने पर लोगों के भड़कने की पुष्टि हुई। कोतवाल ने आरोप गलत पाए जाने पर 10 लोगों को शांतिभंग की आशंका पर पाबंद कर दोबारा ऐसा न करने की हिदायत देकर जाने दिया।
कांशीराम चौकी प्रभारी सुबोध यादव रविवार रात महिला सिपाहियों के साथ कांशीराम कालोनी में वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। कालोनी में ही रहकर चटाई बनाने का काम करने वाला चंदन अपनी पत्नी व बेटी को लेकर बिना हेलमेट बाइक से निकला। पुलिस ने उसे रोककर चेक किया। हेलमेट न होने पर बाइक का चालान कर दिया। यहां से जाने के बाद रात 10 बजे वह 15-20 लोगों के साथ एसपी आवास पहुंचा और चौकी पुलिस पर कार्रवाई की मांग कर हंगामा करने लगा। एसपी ने कोतवाल अनिल सिंह को बुलाकर जांच के आदेश दिए। कोतवाल ने बताया कि मौके पर पहुंचकर जांच की तो वाहन चेकिंग का बनाया गया वीडियो चौकी पुलिस ने उन्हें दिखाया। अन्य कालोनी के लोगों से पूछा गया तो उन्होंने भी आरोप निराधार बताए। खुद को फंसता देख चंदन भी आरोपों से पलट गया। उसने गलती भी मानी। पुलिस ने उसकी पत्नी समेत 10 लोगों को शांतिभंग की आशंका में पाबंद कर जाने दिया।