उन्नाव। कचहरी रेलवे क्रासिंग के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय बालामऊ पैसेंजर की चपेट में आने से आवश्यक वस्तु निगम के गोदाम में तैनात लिपिक की मौत हो गई। वह रायबरेली जिले के लालगंज में तैनात थे।
केवटा तालाब बस्ती निवासी रमाशंकर शर्मा (55) रोजाना ऊंचाहार एक्सप्रेस से रायबरेली आते-जाते थे। सोमवार सुबह वह ड्यूटी पर जाने के लिए रेलवे स्टेशन जा रहे थे। कचहरी मार्ग पुल के नीचे ट्रैक पार करते समय कानपुर की ओर जा रही बालामऊ पैंसेंजर की चपेट में आ गए। इससे कटकर उनकी मौत हो गई। जेब में मिले मोबाइल फोन से पुलिस ने पत्नी निर्मल को सूचना दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन व परिचित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। मृतक की पत्नी के अनुसार बेटा विकास पुलिस में हैं और वह हमीरपुर जिले में तैनात है। दूसरा बेटा विवेक वायुसेना में गुवाहाटी में तैनात है। लिपिक के आत्महत्या किए जाने की भी चर्चा है, लेकिन परिजन अनभिज्ञता जता रहे हैं। जीआरपी एसओ अविनाश कुमार के मुताबिक घटना की जांच की जा रही है।