औरास/बीघापुर। औरास में बबूल के जंगल में महिला व बीघापुर में गंगा नदी में युवक का शव मिला है। पुलिस का कहना है कि महिला का शव सात दिन और गंगा में मिले युवक का शव चार दिन पुराना है। दोनों शवों की पहचान नहीं हो सकी है। ग्रामीणों में हत्या कर शव जंगल में फेंके जाने की चर्चा है।
अल्दौं गांव के पास मंगलवार सुबह चरवाहों ने बबूल के जंगल में एक 30 वर्षीय महिला का पेट के बल पड़ा शव देखा। वहां सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई। शव से बदबू आने पर कोई नजदीक जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। पुलिस ने शव की पहचान के लिए आसपास गांव के लोगों को बुलाया। दो घंटे की मशक्कत के बाद भी शव की पहचान नहीं हो सकी। मृतका के शरीर पर लाल रंग का ब्लाउज व साड़ी है। दाहिने हाथ में लाल रंग की दो चूड़ियां और बाएं पैर में एक बिछिया है। जंगली जानवर उसके दाहिने पैर की जांघ से घुटने व बाएं हाथ की कोहनी से लेकर हथेली तक का मांस खा गए हैं। सिर के बाल भी नोचे हैं। ग्रामीणों में महिला की हत्या कहीं और कर शव को यहां फेंके जाने की चर्चा है।
चौकी निबई के बदियाखेड़ा गांव के सामने मंगलवार सुबह गंगा तट पर 22 वर्र्षीय युवक का शव ग्रामीणों ने देखा। शव पड़ा होने की सूचना पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पुलिस को मृतक को नेपाली बता रही है। उसके शरीर पर काली शर्ट व नीली जींस है। जेब से 50 रुपये का नोट व भांग की एक गोली मिली है।