गंजमुरादाबाद। बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के गांव हयातनगर में रविवार को रक्षा बंधन के त्योहार पर पति ने मायके जाने से रोका तो पत्नी ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव हयातनगर निवासी टेंपो चालक रामशंकर यादव की पत्नी सुधा ने रविवार को रक्षा बंधन के त्योहार पर पति से मायके जाने की बात कही। पति के मना करने पर पत्नी ने जिद की तो उससे गालीगलौज की। इसके बाद टेंपो लेकर घर से चला गया।
इससे क्षुब्ध होकर सुधा ने कमरे में साड़ी से फंदा लगाकर जान दे दी। घर के बाहर खेल रहा सात वर्षीय बेटी लवी, पांच वर्षीय पुत्री लाची और चार वर्षीय बेटा अभि अंदर पहुंचे तो मां का शव फंदे पर लटका देख शोर मचाया। आसपास के लोगों ने पहुंचकर घटना की घटना की जानकारी मायके वालों को देने के साथ ही पुलिस को भी दी। मौके पर पहुंची शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
एसओ इंद्रपाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जानकारी मिली है कि पति शराब का लती है। वह आए दिन पत्नी से मारपीट करता था।