नदी में डूबे चरवाहे की तलाश करते गोताखोर व ग्रामीण। संवाद
- फोटो : UNNAO
गंजमुरादाबाद। मवेशी की पूंछ पकड़कर गंगा नदी की छमक नाली पार कर रहे युवक के हाथ से पूंछ छूट गई। इससे वह डूब गया। साथी चरवाहे के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस व गोताखोरों की मदद से डूबे युवक की तलाश कराई पर उसका पता नहीं चल सका।
भिखारीपुर पतसिया के मजरा भगवंतपुरवा निवासी किसान रामआसरे का पुत्र शिशुपाल (24) गांव में रहने वाले साथी जयपाल के साथ मवेशी चराने गया था। चरवाहे गंगा नदी के दो धाराओं के बीच रेतीले हिस्से में जानवर चराने जाते हैं। छमक नाली कहे जाने वाले एक हिस्से को पार करने के लिए चरवाहे मवेशियों की पूंछ पकड़कर पार करते हैं। बुधवार सुबह 11 बजे शिशुपाल जानवर की पूंछ पकड़कर छमक नाली पार कर रहा था। अचानक उसके हाथ छूट गया और गहराई में जाने से डूब गया। जयपाल ने शोर मचाया तो ग्रामीण पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों व पुलिस की मदद से शिशुपाल की तलाश शुरू हुई। देर शाम तक शिशुपाल का पता नहीं चला। कोतवाल मुकुल प्रकाश वर्मा ने बताया गोताखोरों की मदद से डूबे चरवाहे की तलाश कराई गई लेकिन पता नहीं चला। गुरुवार सुबह शुक्लागंज से गोताखोरों को बुलाकर फिर उसे खोजने का प्रयास किया जाएगा।