सिलिंडर विस्फोट से ध्वस्त हुआ मकान। संवाद
- फोटो : UNNAO
अचलगंज। खाना पकाते समय गैस पाइप में लीकेज से सिलिंडर में आग लग गई। परिवार के लोग घर से भागकर बाहर निकले ही थे कि सिलिंडर फट गया। विस्फोट से घर के एक हिस्से की छत व दीवारें मलबे में तब्दील हो गईं। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। ग्रामीणों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बंथर निवासी विश्राम लोधी की बेटी सरिता सोमवार रात 10 बजे गैस में खाना पका रही थी। अचानक गैस रिसाव होने से सिलिंडर में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख बेटी शोर मचा बाहर की ओर भागी। सिलिंडर जलता देख परिजन भी घर से बाहर निकल गए। इसी दौरान तेज आवाज के साथ सिलिंडर फट गया। रसोई घर व उसके पास के कमरे की छत व दीवारें मलबे में तब्दील हो गई। धमाके की आवाज तीन सौ मीटर दूर तक सुनी गई। गांव के लोग घटनास्थल की ओर भाग पड़े। मंगलवार सुबह राजस्व निरीक्षक रामपाल ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट प्रशासन को भेजी है। विश्राम के अनुसार सिलिंडर विस्फोट व आग लगने से पांच लाख का नुकसान हुआ है।