चकलवंशी। बुजुर्ग गांव में चोरों ने किसान समेत दो घरों से लाखों का माल पार कर दिया। किसान ने नगदी व जेवर समेत छह लाख की चोरी की तहरीर दी है। दूसरा पीड़ित चंडीगढ़ में रहता है। उसके आने के बाद पुलिस ने चोरी के माल की जानकारी होने की बात कही है। पुलिस ने जांच कर शीघ्र खुलासे का भरोसा दिया है।
बालकृष्ण खेती कर परिवार का गुजारा चलाता है। बुधवार की देर रात घर के बाहर सो रहा था। छत पर चढ़कर आंगन का जाल तोड़कर घर में दाखिल हुए चोरों ने कमरे में रखे बक्से से छह हजार की नगदी व जेवर समेत छह लाख का माल पार कर दिया। सुबह बक्से का सामान बिखरा होने पर उसे चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद चोरों ने बालकृष्ण के पड़ोस में रहने वाले सर्वेश के बंद घर को निशाना बनाया। सर्वेश मौजूदा समय में अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ में रहकर मजदूरी करता है। उसके घर के ताले टूटे देख बालकृष्ण ने उसे फोन पर घटना की जानकारी दी। सर्वेश ने घर में लाखाें के जेवर रखे होने की बात बालकृष्ण को फोन पर बताई है। बताया कि दो जून को बेटे अखिलेश की शादी हुई थी। उसका जेवर भी घर पर ही रखा था। पुलिस ने तहरीर मिलने पर कार्रवाई की बात कही है। बालकृष्ण ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।