हसनगंज। न्योतनी में युवक का शव घर में पंखे से लटका मिला। शव देख पत्नी बदहवास हो गई। पत्नी ने आर्थिक स्थिति ठीक न होने से तनाव में आकर पति के आत्महत्या करने की तहरीर दी है।
मंगल लाल (38) मजदूरी कर परिवार का गुजारा चलाता था। कुछ दिन से वह तनाव में चल रहा था और काम पर जाना भी बंद कर दिया था। बुधवार रात खाना खाने के बाद वह कमरे में सोने चला गया। सुबह पांच बजे पत्नी उर्मिला ने उसका शव कमरे में पंखे से लटका देखा। परिवार के साथ मोहल्ले के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पत्नी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि घर की माली हालत ठीक नहीं थी। इससे उसका पति परेशान रहता था। वह शराब भी पीने लगा था। उसने तनाव में पति द्वारा खुदकुशी करने की बात कही है। मजदूर की मौत से उसके दो बेटे चार वर्षीय करन व दो साल के नितिन के सिर से पिता का साया उठ गया। पत्नी को दोनों बेटों की परवरिश की चिंता सता रही है। मृतक के माता व पिता की मौत बचपन में ही हो गई थी।