सोनिक। दही औद्योगिक क्षेत्र स्थित गत्ता फैक्टरी में 70 वर्षीय महिला चौकीदार की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। सिर में धारदार हथियार से वार भी किया गया। फील्ड यूनिट की मदद से जांच कर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। मृतका के परिजनों ने फैक्टरी मालिक पर दो साल से पगार न देने का आरोप लगाया है। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।
मियागंज के तोपखाना निवासी शमीम बानो (70) पत्नी अमीन आठ साल से औद्योगिक चौकी क्षेत्र के साइड नंबर स्थित गत्ता फैक्टरी में रहने के साथ चौकीदार की नौकरी भी कर रही थी। फैक्टरी के बगल में उसका दामाद शानू किराये का कमरा लेकर रहता है। सोमवार सुबह 10 बजे वह सास शमीम बानो से मिलने पहुंचा। उसने फैक्टरी का गेट खुलवाने की कोशिश की। काफी देर तक गेट पर दस्तक देने पर भी कोई जवाब न मिलने पर वह गेट पर चढ़कर झांका तो खून से लथपथ सास का शव पड़ा देखा। परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। कोतवाल अनिल सिंह फील्ड यूनिट के साथ पहुंचे और जांच की। महिला के सिर में धारदार हथियार से वार किए जाने का जख्म मिला। कान से खून बहने के साथ गले में भी चोट के निशान मिले। पुलिस ने फैक्टरी के मालिक कानपुर निवासी लईक को बुलाया पर वह मौके पर नहीं पहुंचा। इस पर पुलिस ने फैक्टरी में ताला लगा दिया। फील्ड यूनिट ने मौके से कुछ निशान सुरक्षित किए हैं। अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोटने से मौत होने की पुष्टि हुई है। सिर में गंभीर चोट भी मिली है। खोजी कुत्ता फैक्टरी के अंदर ही पीछे तक जाकर शव के पास लौट आया।
बेटे पप्पू ने बताया कि मां को पिछले दो साल से फैक्टरी मालिक ने पगार नहीं दी है। पांच हजार रुपये महीना पर काम पर रखा था। शनिवार को मां ने पगार मांगी थी और सोमवार को उसका शव मिला। पुलिस के अनुसार फैक्टरी में पांच मजदूर ही काम करते हैं। फैक्टरी मालिक ही वृद्धा के खाने का इंतजाम करता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार वृद्धा अकेले फैक्टरी में रहती थी। फैक्टरी में कीमती मशीनें लगी हैं। लूटपाट के इरादे से बदमाशों के फैक्टरी में घुसने और वृद्धा के टोकने पर उसकी हत्या की आशंका है। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि वृद्धा के पास 100 रुपये मिले हैं। फैक्टरी का कोई सामान गायब नहीं है। लूटपाट नहीं हुई है।