पुरवा। कोतवाली क्षेत्र में 20 दिन पहले छेड़छाड़ के विरोध में 11 वर्षीय बच्ची की हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने की घटना में आरोपी को जेल भेजे जाने के बाद भी शक के आधार पर उठाई गई पांच महिलाओं को 17 दिन से कोतवाली में बैठाने व उनसे घास छिलवाने का वीडियो वायरल हुआ है। हालांकि कोतवाल ने 17 दिन से महिलाओं को बैठाए जाने की बात से इनकार किया है। एसपी आनंद कुलकर्णी ने पुरवा सीओ रघुवीर सिंह से मामले की जांच कराए जाने की बात कही है।
एक गांव में 20 दिन पहले छेड़छाड़ के विरोध में 11 वर्षीय बच्ची की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया था। बच्ची की मां ने गांव के ही एक परिवार की पांच महिलाओं पर हत्या का शक जताया था। पुलिस ने घटना के पांच दिन बाद बच्ची के शव को कुएं से बरामद कर इसी गांव में नाना के घर रह रहे अचलगंज के युवक को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया था। मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें शक के आधार पर कोतवाली लाई गई पांच महिलाओं को 17 दिन से कोतवाली में बैठाए जाने का दावा किया गया है। वीडियो में महिलाओं ने कोतवाली परिसर की घास तक छिलवाने का आरोप लगाया है।