उन्नाव। ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए विकासखंड कार्यालयों से पर्चा बिक्री शुरू हो गई है। पहले दिन फतेहपुर चौरासी व मियागंज ब्लॉक में पर्चे बिके। वहीं एक दिन बाद होने वाले नामांकन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने कार्यक्रम जारी कर दिया है। आठ जुलाई को नामांक और 10 जुलाई को मतदान होगा। मंगलवार से सभी 16 ब्लॉकों में नामांकन फार्म की बिक्री शुरू कर दी गई। पहले दिन मियागंज और फतेहपुर चौरासी में दो-दो उम्मीवारों ने पर्चा खरीदा। अन्य ब्लाकों में दोपहर बाद नामांकन फार्म पहुुंचने से एक भी फार्म नहीं बिका। बुधवार को भी नामांकन फार्म खरीदे जा सकते हैं।
सहायक निर्वाचन अधिकारी (निकाय/पंचायत) डॉ. संजय द्विवेदी ने बताया कि ब्लाक प्रमुख पद के लिए नामांकन ब्लॉक मुख्यालय पर ही होगा। सामान्य (अनारक्षित) सीटों के लिए नामांकन फार्म 800 और आरक्षित सीटों पर 400 रुपये में मिलेगा। डॉ. संजय के मुताबिक, नामांकन की तैयारियां की जा रही हैं।
चुनाव की तारीख घोषित होते ही ब्लॉक में चुनावी हलचल तेज हो गई है। हर ब्लाक में दो से तीन दावेदार ताल ठोक रहे हैं। चुनाव में जीत सुनिश्चित करने या निर्विरोध निर्वाचित होने के लिए दावेदार अधिक से अधिक सदस्यों को अपने पाले में लाने में जुटे हैं। कोई इसके लिए मान मनौव्वल कर रहा है तो कोई दबाव और प्रभाव का सहारा ले रहा है। दावेदार सुबह से देर रात तक सदस्यों से संपर्क कर रहे हैं। सदस्यों को अपने पक्ष में लाने के लिए कोई पुराने रिश्ते याद दिला रहा है तो कोई रिश्तेदारों से दबाव डलवा रहा है।
पूर्व ब्लाक प्रमुख ने ली भाजपा की सदस्यता
उन्नाव। सिकंदरपुर कर्ण के पूर्व ब्लाक प्रमुख शिवाकांत शुक्ला ने मंगलवार को भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष राजकिशोर रावत की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। जिलाध्यक्ष ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष युवा मोर्चा नितिन मित्तल, जिला महामंत्री आशीष बाजपेई अटल, प्रवीण सिंह नूतन मौजूद रहे। (संवाद)