उन्नाव। कचहरी में शादी करने पहुंचे प्रेमी युगल को हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने पकड़ लिया। दोनों को लेकर एसपी दफ्तर पहुंचे। आरोप है कि वर्ग विशेष का युवक एक युवती को बरगलाकर लाया। वह शादी कर युवती का धर्मांतरण करने का प्रयास कर रहा है। उसके खिलाफ कानपुर के नौबस्ता थाना में युवती को ले जाने की रिपोर्ट दर्ज है। पुुलिस ने कोतवाली ले जाकर प्रेमी युगल से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार युवती ने खुद को बालिग बता मर्जी से शादी करने की बात कही। युवती के परिजनों के साथ नौबस्ता पुलिस को जानकारी दी है।
कानपुर पनकी के गंगागंज निवासी शेरअली का नौबस्ता थाने के यशोदा नगर निवासी 23 वर्षीय युवती से कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 20 जून को वह युवती को साथ लेकर चला गया था। युवती के परिजनों ने शेरअली के खिलाफ नौबस्ता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार को शेरअली प्रेमिका को लेकर कचहरी पहुंचा और शादी करने का प्रयास किया। इसी बीच किसी वकील ने हिंदू जागरण मंच के प्रांतीय मंत्री विमल द्विवेदी को सूचना दे दी। संगठन के लोगों के साथ पहुंचे विमल द्विवेदी ने युवक को पकड़ लिया और एसपी कार्यालय लेकर पहुंचे। विमल द्विवेदी ने मामला धर्मांतरण का बता पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कहा कि शेरअली धोखे से युवती को लेकर आया और शादी कर धर्मांतरण करने की फिराक में था। सदर कोतवाल अनिल सिंह प्रेमी युगल को लेकर कोतवाली चले गए। कोतवाल ने बताया कि दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से शादी करने कचहरी पहुंचे थे। शेरअली के खिलाफ नौबस्ता थाने में रिपोर्ट दर्ज है। नौबस्ता पुलिस के साथ ही युवती के परिजनों को भी जानकारी दे दी गई है। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।