फतेहपुर चौरासी। अवैध मिट्टी खनन की शिकायत पर जांच करने पहुंचे लेखपाल को ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया। भागने की कोशिश में ट्राली पलटने पर लेखपाल से धक्का-मुक्की, गाली-गलौज कर सरकारी अभिलेख फाड़कर ट्रैक्टर लेकर भाग निकले। लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र, बाबा व पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस ने ट्राली को कब्जे में लिया है। लेखपाल की शिकायत पर एसडीएम ने भी कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।
बरुआघाट में नियुक्त लेखपाल प्रशांत पांडेय ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह मंगलवार को सरकारी कार्य एवं खनन पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र भ्रमण पर थे। इसी दौरान अवैध खनन कर मिट्टी ले जाने की सूचना पर दोपहर 2:30 बजे ग्राम शिवपुरी के प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंचे। एक मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्राली को रोककर मिट्टी खनन की परमीशन दिखाने को कहा। इस पर ग्राम शिवपुरी निवासी चालक आर्यांश ने ट्रैक्टर भगाने का प्रयास किया। इससे मिट्टी लदी ट्राली पलट गई। लेखपाल के अनुसार चालक ने ट्राली वहीं छोड़ दी और ट्रैक्टर से उसे कुचलने का प्रयास किया। असफल होने पर आर्यांश ने अपने पिता राकेश, बाबा हरिपाल व पांच अज्ञात लोगों के साथ धक्कामुक्की व गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। सरकारी अभिलेख भी फाड़ दिए। लेखपाल ने एसडीएम बांगरमऊ दिनेश कुमार को घटना की जानकारी दी। एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। एसडीएम ने बताया कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।