गंजमुरादाबाद। गुजरात से चावल लेकर सीतापुर जा रहा एक ट्रक ट्राला महमदाबाद-कलवारी मार्ग के घुमावदार रेलवे अंडरपास में फंस गया। इससे जाम लग गया। बाद में उसमें लदा चावल उतारकर क्रेन के माध्यम से ट्रक ट्राला हटाया गया। इस दौरान 12 घंटे आवागमन प्रभावित रहा।
शुक्रवार रात एक बजे ट्रक ट्राला गुजरात से चावल लेकर सीतापुर जा रहा था। महमदाबाद-कलवारी मार्ग पर बने घुमावदार रेलवे अंडरपास में घुसते ही फंस गया। चालक ट्रक को निकालने के लिए रातभर जद्दोजहद करता रहा, लेकिन सफलता नहीं मिली। इससे जाम की स्थिति बन गई। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने जाम में फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकलवाकर नसिरापुर के रेलवे अंडरपास से भेजना शुरू किया। शनिवार सुबह क्रेन बुलाई गई। उसने ट्रक ट्राला निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में उसमें लदा चावल उतरवाया गया। ट्रक खाली होने के बाद उसे दोपहर बाद अंडरपास से बाहर निकाला जा सका। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका। इस दौरान 12 घंटे लोगों को परेशान होना पड़ा। ट्रक ट्राला जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।