हसनगंज। एक गांव निवासी युवक ने सात साल की बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची की चीख सुनकर उधर से गुजर रहे बाइक सवार दो युवकों ने आरोपी को पकड़ लिया। पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सात साल की बच्ची का सोमवार देर शाम पड़ोसी गांव निंदेमऊ निवासी किशन ने अपहरण कर लिया। गांव से करीब एक किलोमीटर दूर लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग किनारे एक बाग में लेकर गया। वहां बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची के करने पर उसे मारापीटा। बाग से रोने और चीखने की आवाज सुन उधर से गुजर रहे मूसेपुर निवासी अभय व अंशु ने बाइक रोकी। दोनों बाग के अंदर पहुंचे तो किशन ने भागने का प्रयास किया लेकिन दोनों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने किशन के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट, अपहरण व पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ राजकुमार शुक्ला ने बताया कि युवकों की वजह से बड़ी घटना होते बच गई। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।