असोहा। सरवन गांव में बिना अनुमति बड़े मंगलवार पर नौटंकी कराने पर पुलिस ने 24 लोगों के खिलाफ कोविड नियमों के उल्लंघन में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। नौटंकी में सैकड़ों लोगों की भीड़ मौजूद थी। इनमें अधिकांश लोग मॉस्क नहीं लगाए थे।
सरवन गांव के बाहर बड़े मंगलवार के उपलक्ष्य में गांव के आशीष लोधी, हिमांशु, सोनू और हर्षित समेत अन्य आयोजकों ने बिना अनुमति नौटंकी का आयोजन कराया। इस दौरान सैकड़ों की भीड़ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची। अधिकतर लोग मॉस्क नहीं लगाए थे। नर्तकियों का डांस करते हुए भीड़ के साथ किसी ने कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हरकत में आई पुलिस ने चार आयोजकों व 20 अज्ञात लोगों पर कोविड नियमों के उल्लंघन व महामारी एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। सीओ रघुवीर सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।