उन्नाव। जहरीली शराब पीने से अलीगढ़ में 22 लोगों की मौत और 17 लोगों के बीमार होने के बाद आबकारी व पुलिस ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। टीम में सीओ व एसडीएम भी शामिल रहे। पुरवा में बीयर व देशी शराब की दुकानों में सेल्समैन की जगह दूसरे व्यक्ति बैठे मिले। आईडी न दिखा पाने पर दुकान पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
एसडीएम सदर सत्यप्रिय ने सीओ सिटी कृपाशंकर व आबकारी अधिकारी केके शुक्ला के साथ गांधी नगर स्थित देशी, अंग्रेजी व बीयर की दुकान का निरीक्षण किया। स्टॉक रजिस्टर चेक करने के साथ बार कोड का मिलान किया गया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। खराब मिले कैमरों को दुरुस्त कराने के लिए कहा। देशी शराब ठेके के बाहर खाली बोतलें, गिलास व नमकीन के खाली रैपर देख फटकार लगाई। पुरवा एसडीएम राजेश चौरसिया व सीओ रघुवीर सिंह ने क्षेत्र की दुकानों का निरीक्षण किया। पल्हरी गांव में बीयर की दुकान पर सेल्समैन की जगह अनाधिकृत रूप से कमलाकांत व चमियानी की देशी शराब की दुकान पर प्रमोद कुमार बैठे मिले। एसडीएम ने दोनों दुकानों पर पांच-पांच हजार का जुर्माना किया है। हसनगंज, सफीपुर बीघापुर, बांगरमऊ व बिहार थाना क्षेत्र में भी अधिकारियों ने शराब की दुकानाें की जांच की। आबकारी अधिकारी ने बताया कि कुछ दुकानों में अनियमितताएं मिली हैं। रिपोर्ट डीएम को दी जाएगी।