अचलगंज। रामबक्सखेड़ा में गुरुवार देर शाम आग की चपेट में आकर एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। कानपुर के हैलट अस्पताल में शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता ने दामाद पर दहेज के लिए जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। ससुराल के लोग घर में ताला बंदकर फरार हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
अंकित पासी की पत्नी कल्पना गुरुवार देर शाम संदिग्ध हालात में आग से झुलस गई थी। बाद में उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता बेथर गांव निवासी रूपनारायन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि छह माह पूर्व उसकी बेटी कल्पना को अंकित ले गया और कोर्ट मैरिज कर ली। कुछ दिन साथ रहने के बाद दामाद दहेज में सोने की चेन व बाइक की मांग कर बेटी को प्रताड़ित करने लगा। मांग पूरी न होने पर उसे जलाकर मार दिया। ग्रामीणों में चर्चा है कि गुरुवार रात खाना बनाने के दौरान कल्पना का पति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सीओ कृपाशंकर कनौजिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।