उन्नाव। कोरोना कर्फ्यू के बाद भी संक्रमण के खतरे को अनदेखा कर सड़क पर भीड़ रही। दोपहर को सक्रिय हुई पुलिस ने बेवजह निकले लोगों के वाहनों के चालान काटे। कई स्थानों पर पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा।
कोरोना कर्फ्यू के आठवें दिन शनिवार को सुबह से ही लोगों की आवाजाही रही। दो पहिया व चार पहिया वाहनों पर सवार लोग बिना रोकटोक आवागमन करते रहे। 11 बजे कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा व यातायात प्रभारी अरविंद पांडेय टीम के साथ निकले और सदर बाजार, छोटा चौराहा, सिविल लाइंस, मोती नगर, गंधीनगर तिराहा से आवागमन कर रहे वाहन सवारों को रोकर पूछताछ की। दवा, इलाज या अन्य जरूरी काम से निकले लोगों को पूछताछ के बाद जाने दिया गया। घर से निकलने की ठोस वजह नहीं बताने पर 74 वाहनों के चालान काटे। धवनरोड बाजार, किला, केसरगंज, कसाई चौराहा सहित अन्य घनी बस्तियों में दुकानदार चोरी छिपे दुकानें खोले रहे। इन पर खरीदारों की भीड़ रही। पुलिस वाहनों के सायरन सुनकर दुकानदार ग्राहकों को हटाकर शटर और दरवाजे बंद कर दुबकते रहे। वहीं, गंजमुरादाबाद के ग्राम सुल्तानपुर में सप्ताह में दो बार लगने वाली सब्जी मंडी में शनिवार को पुलिस ने भीड़ को खदेड़ दिया। इससे दुकानदारों और खरीदारों में भगदड़ मच गई। कुछ दुकानदार अपनी सब्जी की दुकान छोड़कर भाग खड़े हुए। पुलिस ने कर्फ्यू लागू रहने तक बाजार न लगाने की कड़ी हिदायत दी।