उन्नाव। बीघापुर थाना क्षेत्र में अप्रवासी भारतीय के घर व फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में कास्मेटिक दुकान से चोरों ने लाखों का सामान पार कर दिया। पीड़िताें की तहरीर पर पुलिस ने जांच कर जल्द खुलासे का भरोसा दिया है।
बीघापुर। ऊंचगांव सानी गांव निवासी बिंदा प्रसाद विदेश (कतर ) में रहकर नौकरी करते हैं। घर पर पत्नी सरला देवी बच्चों के साथ रहती है। शुक्रवार देर रात चोरों ने पीछे की दीवार में नकब लगाकर कमरे में रखे बक्से ले गए। गांव के बाहर रमेश शुक्ल के बाग में बक्से के ताले तोड़कर 10 हजार की नगदी व जेवर समेत 2.30 लाख का माल पार कर दिया। सुबह पड़ोसियाें ने नकब लगाने और बाग में बक्से पड़े होने की जानकारी सरला देवी को दी। बाग पहुंची सरला बक्से से नगदी-जेवर गायब देख दंग रह गई।
फतेहपुर चौरासी। ग्राम पंचायत फतेहपुर चौरासी ग्रामीण के मजरा पटपरगंज निवासी रामरती पत्नी खुमानीलाल के घर के बाहरी हिस्से की दुकान उसके भतीजे सोबरन ने किराये पर ले रखी है। सोबरन कास्मेटिक का सामान बेंचता है। शुक्रवार रात घर के कमरे का ताला तोड़कर चोराें ने 20 हजार की नगदी व कपडे़ समेत 50 हजार का सामान पार कर दिया। यहां से कास्मेटिक की दुकान में दाखिल हुए चोराें ने पांच हजार की नगदी व कास्मेटिक का 50 हजार का सामान पार कर दिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर रामरती ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।