उन्नाव। सदर कोतवाली व बारासगवर थाना क्षेत्र में हुईं तीन मार्ग दुर्घटनाओं में फल विक्रेता समेत तीन लोगों की मौत हो गई। एक युवक घायल हो गया। घायल को परिजनों ने कानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
बीघापुर के नागेश्वर मोहल्ला निवासी शुभम (18) पुत्र छेदीलाल रावत शहर के क्योटा तालाब में रहने वाले मामा बबलू के साथ रहकर बड़ा चौराहा स्थित सब्जी मंडी में फल का ठेला लगाता था। मंगलवार रात वह गांव से बाइक से शहर लौट रहा था। उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर ललऊखेड़ा के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उसे मृृत घोषित कर दिया गया। शुभम की मौत पर मां रामदुलारी और बहन दीपिका व दीपांजलि का रोकर बुरा हाल है।
माखी के बिरची गांव निवासी सूर्यप्रकाश उर्फ टोनी (30) दही चौकी स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। मंगलवार रात फैक्टरी से काम खत्म कर घर लौटते वक्तअज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा मृतक सूर्यप्रकाश का बड़ा भाई चंद्रप्रकाश शव देख बिलख पड़ा। पत्नी रेखा व मां गुलाबदेई का भी रोकर बुरा हाल है। मृतक के दो बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से रेखा को उनकी परविश की चिंता सता रही है।
बारासगवर के अजईखेड़ा गांव निवासी रामकुमार (55) पड़ोसी गांव कल्याणखेड़ा निवासी दोस्त रिंकू (40) के साथ मजदूरी करने सोहरामऊ गए थे। शाम को घर लौटते समय पाटन-धानीखेड़ा मार्ग पर कुंभी गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रामकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घायल रिंकू को सीएचीसी में भर्ती कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीएचसी पहुंचे परिजन घायल रिंकू को लेकर कानपुर के निजी अस्पताल चले गए।