नवाबगंज (उन्नाव)। भल्लाफार्म हाईवे के नजदीक स्थित सरस्वती मेडिकल कालेज में रैगिंग को लेकर एमबीबीएस छात्रों के दो गुट शनिवार शाम भिड़ गए। इस दौरान जूनियर व सीनियर छात्रों में जमकर मारपीट हुई। बचाव करने पहुंचे सुरक्षा गार्डों पर भी छात्र हमलावर हो गए। एक पीड़ित छात्र के रूम पार्टनर ने सोहरामऊ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने घायल छात्र को मेडिकल के लिए सीएचसी भेजा। जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस रैगिंग मामले की जांच कर रही है। उधर, कालेज प्रशासन ने सात छात्रों को सस्पेंड कर दिया।
शनिवार देरशाम सरस्वती मेडिकल कालेज में रैगिंग को लेकर एमबीबीएस के जूनियर व सीनियर छात्रों के बीच विवाद हो गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जूनियर छात्रों ने बताया है कि कालेज के हॉस्टल के कमरे के बाहर मौजूद सीनियर छात्रों ने नमस्ते न करने से नाराज होकर गालीगलौज करते हुए मारपीट की। विरोध करने पर दो जूनियर की पिटाई कर दी। जिसमें एक छात्र को गंभीर चोटें आईं। वहीं, जब कालेज परिसर में तैनात सिक्योरिटी गार्ड बचाव के लिए पहुंचे तो छात्र उन पर भी हमलावर हो गए। जिसके बाद प्रबंधन ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत करा दिया। घटना के कुछ देर बाद पीड़ित छात्र का रूम पार्टनर सोहरामऊ पुलिस के पास शिकायतीपत्र लेकर पहुंच गया। पुलिस ने रैंगिग के मामले को गंभीरता से लेते हुए घायल छात्र को इलाज के लिए सीएचसी भेजा। जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सोहरामऊ एसओ सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि जनपद कन्नौज के थाना छिबरामऊ के आवास विकास कॉलोनी निवासी एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र मानस दुबे पुत्र अनिल दुबे ने शिकायती पत्र दिया है। बताया कि शनिवार शाम को वह अपने कालेज हॉस्टल के रूम पार्टनर जनपद रामपुर के पुरानागंज निवासी लवराज गुप्ता के साथ बाहर निकला था। इस दौरान कमरे के बाहर पहले से मौजूद कालेज के सीनियर छात्र नवनीत, पुण्यजीत, अखंड, अभिषेक, मो.रिहान, विष्णुजीत व अक्षय सिंह ने उन्हें रोककर नमस्ते करने के लिए कहा। जब उन्होंने नमस्ते करने से मना कर दिया तो उनकी पिटाई कर दी। बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। आरोपी छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सात छात्रों को कालेज प्रशासन ने सस्पेंड किया
नवाबगंज। मेडिकल कालेज के महाप्रबंधक मनोज कुमार सिसौदिया ने बताया कि कैंपस के अंदर 2017 व 2019 बैच के दो छात्र गुटों में रैंगिग को लेकर मारपीट की जानकारी हुई थी। कालेज की पांच सदस्यीय अनुशासन कमेटी ने सात छात्रों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। पुन: दाखिले के लिए अनुशासन कमेटी शपथपत्र लेने के बाद विचार करेगी।