मृतक प्रापर्टी डीलर शारदा सिंह का फाइल फोटो।
- फोटो : UNNAO
फतेहपुर चौरासी। 11 दिन पहले लापता बुजुर्ग प्रापर्टी डीलर की हत्या रुपयों के लालच में साथी ने ही कर दी। साथी की निशानदेही पर थाना पुलिस व स्वाट टीम के प्रयास से कल्याणी नदी से शव बरामद किया गया है। साथी व एक अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद सच का खुलासा हुआ है।
फिरोजनगर निवासी शारदा सिंह (73) 19 नवंबर की शाम 5 बजे घर से निकले थे। देर रात तक घर न लौटने पर बेटे अमित सिंह ने 20 नवंबर को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अमित ने पुलिस को बताया था कि 19 नवंबर को किसी ने पिता को फोन कर बुलाया था। घर से निकलने के बाद पिता का मोबाइल भी बंद हो गया। बेटे से जानकारी जुटा पुलिस ने सर्विलांस की मदद से लापता प्रापर्टी डीलर के व्यवसायिक सहयोगी भड़सर नौसहरा गांव निवासी संतोष सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। संतोष सिंह के साथ ही गंगादासपुर निवासी सर्वेश का भी नाम प्रकाश में आया।
सोमवार को थाना पुलिस व स्वाट टीम प्रभारी गौरव कुमार ने संतोष सिंह की निशादेही पर वह छह किमी दूर मंगलीखेड़ा गांव स्थित पंच पखारेश्वर मंदिर के पास कल्याणी नदी के किनारे जलकुंभी के नीचे बरामद किया। मृतक के बेटे अमित सिंह ने बताया कि कि पिता हाथरस में दूर संचार विभाग में वरिष्ठ लिपिक के पद से सेवानिवृत्त होकर प्रापर्टी डीलिंग का कार्य करने लगे थे। शारदा सिंह बेटे पंकज सिंह, अमर सिंह, अमित सिंह का रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रुपये के लालच में संतोष सिंह द्वारा हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।