बीघापुर। थानाक्षेत्र के रुझेई गांव में 22 वर्षीय युवती का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने युवती के मानसिक बीमार होने व आत्महत्या की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
रुझेई गांव निवासी सुनील पटेल की 22 वर्षीय बेटी मानसी कानपुर के काकादेव स्थित कोचिंग से कंपटीशन की तैयारी कर रही थी। मार्च महीने में लॉकडाउन के बाद वह घर आ गई थी और घर पर ही तैयारी कर रही थी। शनिवार को खाना खाने के बाद वह कमरे में सोने चली गई। सुबह देर तक उसके कमरे से बाहर न निकलने पर मां मंजू और पिता सुनील उसे देखने पहुंचे। मानसी को छत के कुंडे से लटका देख माता-पिता स्तब्ध रह गए। परिजनों के अनुसार लॉकडाउन के चलते पढ़ाई न होने से मानसी तनाव में रह रही थी। वह कुछ दिनों से मानसिक बीमार भी थी। इसी के चलते उसने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हैंगिग की पुष्टि हुई है। एसओ जावेद अख्तर ने बताया कि जांच में भी मामला आत्महत्या से जुड़ा पाया गया है।