फतेहपुर चौरासी/पुरवा। फतेहपुर चौरासी में महिला व पुरवा कोतवाली क्षेत्र में युवक का शव घर में फंदे से लटका मिला। महिला की मौत पर मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुरवा में युवक की मौत पर परिजनों ने आत्महत्या की तहरीर पुलिस को दी है।
फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के बरधाई मजरा इस्माइलपुर नौगवां निवासी सुशील पुत्र मोहन की शादी डेढ़ वर्ष पहले सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के मरौंदा मझवारा गांव निवासी शिवप्रसाद की बेटी प्रियंका से हुई थी। सोमवार सुबह प्रियंका का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका के पिता शिवप्रसाद ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि शादी के बाद ससुरालीजन दहेज में एक लाख रुपये व चेन की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर बेटी को प्रताड़ित करने लगे। सोमवार भोर पहर उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। मायके पक्ष के लोगों ने बेटी का शव लटका देख हंगामा भी किया। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिला सभी को शांत करा शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मृतका के पति सुशील, ससुर मोहन, सास मोहिनी, ननद कांती व शिवानी के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
पुरवा कोतवाली क्षेत्र के गांव भभूती निवासी बउवा का 22 वर्षीय पुत्र उमेश मजदूरी कर पत्नी बच्चों का पेट पालता था। शनिवार देर शाम उमेश का शव घर के कमरे में छत के कुंडे से लटका मिला। शव देख परिजन बदहवास हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। मजदूर की मौत से मां फूूलमती व मायके से घर लौटी पत्नी मंजू का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार एक साल पहले ही बउवा का मंजू से विवाह हुआ था।
मृतक बउवा का फाइल फोटो ।- फोटो : UNNAO