उन्नाव। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से पंजीकृत बेरोजगारों को रोजगार दिलाने के लिए कराए गए साक्षात्कार में सोमवार को चार कंपनियों ने 62 अभ्यर्थियों को नौकरी दे दी है। आवेदन कराने वाली दो कंपनियां साक्षात्कार पूरा न होने की वजह से विभागीय कार्यालय को चयनितों की सूची अभी नहीं उपलब्ध करा सकी हैं।
कोविड-19 महामारी के चलते बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार से वंचित होना पड़ा है। सेवायोजन कार्यालय से हर माह बेरोजगारों से आवेदन लेकर रोजगार मेला आयोजित कराया जा रहा है। कोविड संक्रमण का विस्तार रोकने की गरज से रोजगार मेले का साक्षात्कार नियोजक कंपनियां सीधे न लेकर ऑनलाइन अभ्यर्थियों से सवाल-जवाब कर रही हैं। इसके लिए टेलीकॉलर कंपनियों का सहयोग भी लिया जा रहा है। रोजगार मेले के माध्यम से सोमवार को आरपी इंफ्रा कंपनी ने 32 युवाओं का चयन किया। एक्सीलेंट अक्वा प्राइवेट लिमिटेड ने 17 युवाओं का अपने यहां नौकरी देने के लिए चयन किया गया है। टेस्को सैल्यूशन कंपनी ने 13 अभ्यर्थियों को नौकरी दे दी है। प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी गौतम प्रसाद ने बताया कि अभी शिव शक्ति व स्पॉरिक इंडिया कंपनी की ओर से चयनित किए जाने वाले अभ्यर्थियों का विवरण नहीं दिया है। सोमवार को 62 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई है। मंगलवार को साक्षात्कार पूरा होने तक सौ बेरोजगारों को नौकरी मिलने की उम्मीद की जा रही है।