पुरवा। लखनऊ में रहकर पढ़ाई कर रही बीए की छात्रा का शव बुधवार दोपहर घर से पांच सौ मीटर दूर जोतपुर स्थित एक मोबाइल टॉवर परिसर में औंधे मुंह पड़ा मिला। सिर से खून निकलता देख पिता ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने पिता से टॉवर से बेटी के नीचे गिरने की तहरीर ली है। पिता के अनुसार छात्रा मंगलवार रात लखनऊ से घर आई थी। सुबह बिना किसी को कुछ बताए घर से चली गई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
दलीगढ़ी निवासी कन्हैयालाल श्रीवास्तव की सबसे छोटी बेटी आरती (23) पिछले दो साल से लखनऊ के कैसरबाग में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। मौजूदा समय में वह बीए द्वितीय वर्ष में थी। पढ़ाई के साथ वह डांस क्लास भी चलाती थी। आरती के पिता ने बताया कि मंगलवार रात नौ बजे आरती घर पहुंची। बुधवार सुबह 11 बजे बिना नहाए, किसी को कुछ बताए घर से निकल गई। दोपहर दो बजे मोबाइल टॉवर परिसर में उसका शव पड़ा मिला। उसका दुपट्टा टॉवर के पास पेड़ से लटकता मिला। मृतका के पास से 4400 रुपये व ताले की चाबी मिली। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि मोबाइल टावर से गिरने या आत्महत्या करने की घटना प्रतीत हो रही है।