चकलवंशी। नोटिस तामीला कराने पहुंचे दरोगा व सिपाही से मारपीट और अभद्रता में माखी थाना पुलिस ने तीन महिलाओं समेत दस लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिलाओं द्वारा पुलिस पर अभद्रता के लगाए गए आरोपों की जांच सीओ सफीपुर ने शुरू कर दी है।
चकलवंशी में निर्माणाधीन चौकी की जमीन को लेकर पांच माह से विवाद चल रहा है। जमीन पर एक महिला ने अपना अधिकार जता कोर्ट से स्टे लेकर निर्माण कार्य रुकवा दिया था। पूर्व में निर्माणाधीन चौकी में तोड़फोड़ किए जाने पर पुलिस ने महिला व उसके परिवार के 11 लोगों पर बलवा मारपीट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी।
बुधवार को इसी मामले में माखी के दरोगा स्वदेश यादव एक सिपाही के साथ महिला के घर पहुंचे थे। दरोगा स्वदेश का आरोप है कि तामीला सूचना पर दस्तखत की बात कहने पर महिलाएं भड़क गईं और मारपीट शुरू कर दी। मारपीट का ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। महिला ने दरोगा व अन्य पुलिस कर्मियों पर सादे कागज पर अंगूठा लगवाने का दबाव बनाने और जबरन घर में घुसकर मारपीट कर छेड़छाड़ का आरोप लगा एसपी को शिकायती पत्र दिया था। देर रात दरोगा स्वदेश यादव की तहरीर पर माखी थाना में मारपीट करने वाली तीन महिलाओं व उसके परिवार के 10 लोगों पर बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, गाली-गलौज, जान की धमकी देने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।