ब्लॉक सिकंदरपुर कर्ण के गांव कटरी पीपरखेड़ा स्थित प्राथमिक स्कूल में वृद्धों का सम्मान करतीं प्
- फोटो : UNNAO
उन्नाव/फतेहपुर चौरासी। ब्लॉक सिकंदरपुर कर्ण के गांव कटरी पीपरखेड़ा में अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर शिक्षकों ने बुजुर्गों को सम्मानित किया। बुजुर्गों ने अपने जीवन के अनुभव शिक्षकों में बाटें।
शिक्षिका डॉ. रचना सिंह ने बताया कि बच्चों में बुजुर्गों के प्रति आदर, सत्कार, सम्मान व देखभाल की भावना को जागृत करने के लिए यह आवश्यक हो गया है कि बच्चों को बुजुर्गों में दादा-दादी व नाना-नानी के प्रति कृतज्ञता का पाठ पढ़ाया जाए। बड़े बुजुर्गों के साथ स्नेह, सम्मान व सुरक्षा का संकल्प दिलाया जाए।
बच्चों के नैतिक व चारित्रिक विकास में वृद्धजनों की अहम भूमिका है। शिक्षिका ने कहा कि बुजुर्गों में जीवन का अनुभव होने के बावजूद कोई उनकी राय न तो लेना चाहता है और न ही उनकी राय को ठीक से महत्व देता है। बुजुर्गों को इससे छुटकारा दिलाना सबसे बड़ी जरूरत है। उधर, फतेहपुर चौरासी के न्यू पब्लिक स्कूल समिति द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर अधिकारियों ने वृद्धजनों के बीच पहुंच कर उन्हें आत्मीयता का अहसास कराया। उन्हें विश्वास दिलाया कि वह अपने को अकेला न समझे। यहां रह रहे सभी लोग यह मान कर चलें कि वह अपने परिवार में ही रह रहे हैं। इस समय वृद्धाश्रम में 65 लोग रह रहे हैं जिनमें 43 पुरुष व 22 महिलाएं हैं। संवाद