शहर के मोहल्ला गिरजाबाग में हलवाई मुकेश की मौत पर बिलखती पत्नी मोहिनी।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव/ आसीवन। शहर के गिरजाबाग में लॉकडाउन के बाद से काम न मिलने से परेशान हलवाई ने जहर खाकर जान दे दी। वहीं, आसीवन थाना क्षेत्र में युवती ने परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर जहर खा लिया। नर्सिंगहोम में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गिरजाबाग निवासी मुकेश 35 पुत्र रामशंकर सहालग में हलवाई का काम करता था। लॉकडाउन के बाद से सहालग न होने और काम बंद होने से वह परेशान था। कमाई न होने से घर में रोजाना झगड़ा होता था। बुधवार सुबह वह घर से निकल गया। शाम को वह बेसुध हालत में घर पहुंचा और चारपाई पर लेट गया। मुंह से झाग निकलने पर जहर खाने के अंदेशे पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर भागे। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुकेश की मौत से पत्नी मोहिनी का रोकर बुरा हाल है।
पति की मौत के बाद उसे पांच साल के बेटे पियूष व एक साल की बेटी राखी की परवरिश की चिंता सता रही है। मोहल्ले के लोगों मेें पत्नी से झगड़े के बाद जहर खाने की चर्चा है। सदर कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
आसीवन थाना क्षेत्र के पमेधिया गांव के मजरा मिल्कीपुर गांव निवासी बंशीलाल की 18 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी को बुधवार रात किसी बात से नाराज होकर परिजनों ने डांट दिया। डांट से आहत लक्ष्मी ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे मुंशीगंज में एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। हालत में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गुरुवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। लक्ष्मी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मां रेखा का रोकर बुरा हाल है। चौकी प्रभारी रसूलाबाद हशमत अली ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।