उन्नाव। जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कोरोना पॉजिटिव युवक बुधवार दोपहर बेड की चादर को पंखे में बांधकर फंदे से लटक गया। वार्ड में मौजूद चतुर्थ श्रेणी कर्मी उसे बचाने के बजाय वीडियो बनाता रहा। सूचना पर भागकर पहुंचे सीएमएस ने संक्रमण की परवाह किए बिना उसके पैर पकड़कर उठा दिया और कर्मचारियों की मदद से उसे बचा लिया। घटना से जिला अस्पताल में हड़कंप मच गया। युवक को बिछिया कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुजरात के बड़ोदरा शहर निवासी युवक (30) दो दिन पहले माखी के जंगेनगर में निवासी अपने साथी के यहां आया था। बुधवार को उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। जंगेनगर के एक अन्य परिचित ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसकी कोरोना जांच कराई। जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर उसे आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।
दोपहर करीब 12 बजे युवक ने बेड की चादर को पंखे से बांधा और फंदा बनाकर गले में डाल लिया। मौजूद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उसे बचाने के बजाय उसका वीडियो बनाने लगा। युवक के फांसी लगाने की चर्चा सीएमएस तक पहुंची तो वह दौड़कर आइसोलेशन वार्ड पहुंचे। जब तक वह अंदर पहुंचते युवक फंदे से लटक गया था। सीएमएस ने आनन-फानन में उसके पैर पकड़कर अन्य स्टाफ की मदद से उसे नीचे उतारकर उसकी जान बचा ली। सीएमएस की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कर लौट गई। बाद में युवक को बिछिया कोविड सेंटर में भर्ती कराया गया है।