बीघापुर। बिहार थानाक्षेत्र के नगर पंचायत भगवंत नगर के वार्ड दक्षिणी गढ़ेवा निवासी दंपती ने प्लॉट के नाम पर 10 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के हिरन नगर निवासी शैलेंद्र सिंह ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि गढ़ेवा के विष्णु मोहन व उनकी पत्नी अंजना मिश्रा ने क्षेत्र में एक प्लाॅट दिखाया था। सौदा 15 लाख रुपये में तय हुआ था। आठ अक्तूबर 2024 को पांच लाख रुपये एसबीआई बैंक के खाते में, तीन लाख रुपये नेट बैंकिंग से और दो लाख रुपये नकद दिए गए थे। पांच लाख रुपये रजिस्ट्री के समय देने की बात तय हुई थी।
बाद में जानकारी हुई कि विष्णु मोहन व अंजना मिश्रा ने प्लॉट दूसरे को बेच दिया। पैसा वापस मांगने पर टालमटोल कर रहे हैं। भगवंतनगर जाकर पैसा मांगने पर अंजना मिश्रा ने दूसरे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।