विकासभवन स्थित कार्यालयों में जाने से पहले सेनिटाइजर से हाथ धोते कर्मचारी।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। कोरोना को लेकर धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजनों पर रोक लगा दी गई है। जनहित में 2 अप्रैल तक किसी भी प्रकार के धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजनों पर रोक रहेगी। इसके अलावा कोरोना को लेकर आम जनता में जागरुकता बढ़ती जा रही है। सरकारी कार्यालयों में भी सजगता बरती जाने लगी है।
शनिवार को विकासभवन गेट पर भी सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई थी। यहां आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों व फरियादियों को हाथ धुलवाकर ही अंदर जाने लिया जा रहा था। इसके अलावा लोगों को मास्क का भी वितरण किया गया। वहीं, जिला प्रशासन ने जनहित को देखते हुए कई बंदिशें लगा दी हैं। इसमें 2 अप्रैल तक जनपद के सभी प्रकार के धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खेल प्रतियोगिताएं स्थगित कर दी गई हैं। शैक्षणिक संस्थान, कोचिंग संस्थान, थियेटर, मॉल, पार्क, स्वीमिंगपूल, जिम, मल्टीप्लेक्स आदि भी बंद रहेंगे। जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने खाद्यान्न सहित रोजमर्रा के इस्तेमाल की सामग्री एवं आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित रखने और किसी प्रकार की जमाखोरी, कालाबाजारी को रोकने के लिए विभागीय अधिकारियों को सघन जांच व निरीक्षण करने के आदेश दिए हैं।
आम जनता को एक स्थान पर एकत्रित होने से रोकने के लिए पुलिस को पेट्रोलिंग करने के आदेश दिए। कहा कि रेलवे स्टेशनों व बस अड्डों आदि पर भी सघन चेकिंग की जाए। डीएम ने कहा कि 2 अप्रैल तक जनसामान्य को अपने निवास पर ही बने रहने के लिए प्रेरित भी किया जाएगा। सभी सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों, वाणिज्यिक, निजी एवं व्यवसायिक/व्यापारिक प्रतिष्ठानों में नियमित साफ -सफ ाई, सैनिटाइजेशन एवं फॉगिंग की व्यवस्था कराने के आदेश दिए गए हैं।