चकलवंशी(उन्नाव)। माखी थाना क्षेत्र से 30 दिसंबर से लापता युवती के मामले में पूछताछ के लिए चौकी बुलाए गए युवक की मौत की घटना पुलिस के गले की फांस बन गई है। युवक के पिता ने युवती के पिता-भाई समेत चार लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर युवती के भाई को हिरासत में ले लिया। वहीं, लापता युवती के पिता ने माखी थाने में मृतक व उसके पिता पर उसकी बेटी को फुसलाकर भाग ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे से लटकने से मौत की पुष्टि हुई है। शरीर में किसी तरह के चोट नहीं है। पुलिस मौत की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है।
माखी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती 30 दिसंबर को लापता हो गई थी। युवती के पिता ने आसीवन थाना क्षेत्र के कस्बा रसूलाबाद के अटलनगर मोहल्ला निवासी रासमनेही के पुत्र मोनू (20) पर बेटी को भगा ले जाने का आरोप लगा रसूलाबाद चौकी पुलिस से मोनू को बुलाकर पूछताछ के लिए बुलवाया था। चौकी प्रभारी हसीब अहमद ने मोनू और उसके पिता से बात की तो मोनू ने आरोप निराधार बताया। इसपर पुलिस ने युवती के पिता को माखी थाने में तहरीर देने की बात कहकर दोनों पक्षों को लौटा दिया था। देर शाम छह बजे करीब मोनू का शव रसूलाबाद चौकी से पांच सौ मीटर दूर बाग में आम के पेड़ में अंगोछे के फंदे से लटका मिला। मृतक मोनू के पिता व परिजनों ने युवती के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया था।
एएसपी दक्षिणी धवल जायसवाल ने बताया कि मृतक के पिता रामसनेही की तहरीर पर लापता युवती के पिता और भाई समेत चार लोगों पर नामजद लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है। बुधवार को मोनू के शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार फंदे से लटकने से मौत हुई है। शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। एसओ राजेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या जैसी बात सामने नहीं आई है। मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, दूसरी ओर लापता युवती के पिता ने माखी थाने में तहरीर देकर मृतक मोनू व उसके पिता पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसओ संतोष सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। साथ ही मृतक मोनू व लापता युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल व लोकेशन की भी जानकारी की जा रही है।