उन्नाव। जिला कबड्डी एसोसिएशन की बैठक में प्रतिभाओं को निखारने पर चर्चा की गई। इसके अलावा स्टेडियम में कोच और कबड्डी मैट की मांग भी की गई। वहीं ग्रामीण खिलाड़ियों के लिए ब्लॉक स्तर पर समितियों का गठन करने का निर्णय लिया।
शुक्लागंज स्थित कार्यालय में सोमवार को जिला कबड्डी एसोसिएशन की बैठक कैप्टन राहुल तिवारी की अध्यक्षता में हुई।एसोसिएशन के सचिव डॉ. अश्वनी कुमार शुक्ल ने बताया कि राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए मंडलीय स्तर पर होने वाले चयन ट्रायल में अनदेखी की गई।
एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि इस मामले में उत्तर प्रदेश खेल निदेशक और उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के महासचिव को पत्र लिखकर रोटेशन के आधार पर मंडल के अलग -अलग जनपदों में मंडलीय ट्रायल कराए जाने का अनुरोध किया जायगा। जिससे छोटे जिलों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को भी मौके मिल सकें।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कबड्डी खेल के विकास के लिए ब्लॉक स्तर पर समितियों का गठन किया जायगा। बताया कि कबड्डी खिलाड़ियों का वार्षिक पंजीकरण कराया जाएगा और पंजीकृत खिलाड़ियों को परिचय पत्र जारी किया जाएगा। परिचय पत्र धारक खिलाड़ियों को ही प्रतियोगिताओं और चयन ट्रायल में शामिल किया जाएगा।
वहीं सेमिनार के माध्यम से खिलाड़ियों को कबड्डी के नियम, कबड्डी के सिग्नल, स्कोरिंग करने के तरीके, मुख्य निर्णायक, सहायक निर्णायक, लाइनमैन, स्कोरर और टाइम कीपर के कार्यों के विषय में जानकारी देकर जिला स्तर पर इनकी परीक्षा आयोजित कराने पर भी चर्चा की गई।
इसके बाद उत्तीर्ण खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय निर्णायक परीक्षा में शामिल कराया जाएगा इस दौरान सचिव कृष्ण प्रताप सिंह, कपिल पांडेय, कोषाध्यक्ष सोम गुप्ता,प्रीती गुप्ता, प्रणिता पांडेय, उत्कर्ष बाजपेई, सौरभ, प्रांशु सिंह, प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।