जिला अस्पताल स्थित दिव्यांग बोर्ड कार्यालय का निरीक्षण करते डीएम। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। जिला अस्पताल में सप्ताह के हर सोमवार को लगने वाले दिव्यांग शिविर में अव्यवस्थाओं की शिकायत पर डीएम दिव्यांग बोर्ड कार्यालय पहुंचे। वहां उन्हें दिव्यांगों के लिए न बैठने की समुचित व्यवस्था मिली और न पीने के पानी की। इस पर उन्होंने सीएमओ व दोनों सीएमएस से नाराजगी जताई। कहा दो दिन में सुधार कर लो। अगले सप्ताह के शिविर में लापरवाही सामने आई तो कार्रवाई तय है।
जिला अस्पताल के पीछे बने दिव्यांग बोर्ड कार्यालय में सप्ताह के हर सोमवार को दिव्यांग शिविर लगाया जाता है। शिविर में 100 से अधिक दिव्यांग आते हैं। कोई व्यवस्था न होने से वह पूरे दिन धूप में तपिश झेला करते हैं। पीने के पानी की व्यवस्था न होने से पानी भी उन्हें खरीदना पड़ता है। गुरुवार को डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के निरीक्षण के दौरान लोगों ने दिव्यांग शिविर की अव्यवस्थाओं पर सवाल उठाया था। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिम्मेदारों को सुधार करने के निर्देश दिए थे। डिप्टी सीएम तक मामला पहुंचने के बाद शुक्रवार को ही डीएम रवींद्र कुमार जिला अस्पताल पहुंचे। वह सीधे दिव्यांग बोर्ड कार्यालय पहुंचे।
सीएमओ, पुरुष व महिला सीएमएस को बुलाकर शिविर में व्यवस्थाओं की जानकारी ली। डीएम को पता चला कि शिविर के दौरान बाहरी लोग भी रहते हैं। वह फार्म ऑनलाइन कराने के नाम पर दिव्यांगों से 150 से 200 रुपये तक वसूलते हैं। महिला सीएमएस से ऐसे लोगों को चिह्नित कराकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।