बढ़ी ठंड के बीच बाइक से परिवार सहित जाते दंपति। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। बारिश के कारण मुख्य मार्गों व गलियों में कीचड़ से आवागमन मुश्किल हो गया है। कच्ची गलियों की हालत तो और ज्यादा खराब रही। बारिश से ठंड भी बढ़ गई है।
शुक्रवार दिन में बारिश न होने से लोगों को कुछ राहत मिली थी। हालांकि देर रात फिर तेज बारिश हुई। शनिवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर एक बजे तक धूप नहीं निकली। इससे लोगों को ठंड बढ़ने का अहसास हुआ। हालांकि दोपहर दो बजे धूप निकल आई। इससे कुछ राहत मिली। तेज हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस था। शनिवार को घटकर 17 पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस ही बना रहा। सूर्यास्त होते ही फिर से ठंड बढ़ गई। बारिश से छोटे व बड़े चौराहे के अलावा धवनरोड स्टेशनरोड, कचौड़ी गली में भीषण कीचड़ हो गया। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जिला कृषि अधिकारी कुलदीप मिश्रा ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। आलू में पछेती झुलसा रोग और माहू कीट बढ़ सकते हैं। इससे आलू की फसल को नुकसान होने की संभावना है। कानपुर के शाकभाजी विज्ञान विभाग के फसल सुरक्षा वैज्ञानिक डॉ. आरके पाल ने किसानों को सलाह दी है कि झुलसा रोग से बचाव के लिए कवकनाशी साईमॉक्सीनिल एवं मैनकोजेब 0.2 प्रतिशत के मिश्रण का तुरंत फसल पर छिड़काव कर दें।