उन्नाव। हरदोई मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान चालकों की जल्दबाजी के चलते दोपहर एक घंटे तक जाम लगा रहा। मुख्य मार्ग पर सीवर लाइन चेंबरों का निर्माण जारी होने से आवागमन के लिए आधी से ज्यादा सड़क बंद रहने और कीचड़ होने से दिन में कई बार जाम लगा।
उन्नाव-हरदोई मार्ग पर पुल ढाल तिराहा पर वाहनों की बेतरतीब चाल लोगों के लिए गुरुवार दोपहर तीन बजे एक घंटे तक लोगों के लिए मुसीबत बनी रही। पहले निकलने की होड़ में यातायात बुरी तरह उलझ गया। इससे हरदोई की ओर जाने और उधर से आने वाले वाहनों के अलावा कचहरी मार्ग से पुल की ओर जा रहे वाहन उलझ गए। इससे एक घंटे तक जाम लगा रहा। यातायात पुलिस जवानों ने काफी मशक्कत कर जाम खुलवाया। शहर के मुख्य मार्ग पर एक ही लेन में तीन स्थानों पर आधी से ज्यादा सड़क घेरकर सीवर चेंबर बनाए जा रहे हैं। मिट्टी और कीचड़ फैले होने से यातायात बाधित रहा और दिन में कई बार जाम लगा।