फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीवर लाइन की खुदाई से चौतरफा जाम

विज्ञापन
कचहरी से एसपी कार्यालय जाने वाले मार्ग पर लगा जाम। संवाद - फोटो : UNNAO
विज्ञापन
उन्नाव। जरूरी कदम उठाए बिना ही शहर में भूमिगत सीवर लाइन के लिए खुदाई से चौतरफा जाम लग गया। रोडवेज बस स्टेशन से गांधीनगर तक वाहन रेंगते रहे। कचहरी पुल पर लंबी कतार लगी रही। जल निगम के अधिकारियों के अनुसार शहर के मुख्य मार्ग पर सीवर लाइन का काम 15 जनवरी तक पूरा हो पाएगा। यानी अगर नगर पालिका और यातायात पुलिस ने जरूरी कदम न उठाए तो डेढ़ महीने काफी मुश्किल भरे होंगे।
विज्ञापन

जल निगम अमृत (अटल मिशन फॉर रिजुवेनेशन एंट अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन) योजना के तहत भूमिगत सीवर लाइनें और तीन एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) बना रहा है। बाहरी हिस्सों में पाइप लाइन डालने के बाद अब शहर के मुख्य मार्ग पर पाइप लाइन और मेनहोल चेंबर बनाने का काम शुरू किया है। इस मार्ग पर सदर बाजार, सब्जीमंडी, रोडवेज बस स्टेशन, वीडी मार्केट, कई प्रमुख बैंक होने से सबसे व्यस्ततम क्षेत्र है। सोमवार रात धवनरोड मोड़ से पहले एक और चेंबर बनाने का काम शुरू कराया है। इससे मंगलवार को नगर पालिका तिराहा से बड़ा चौराहा जाने वाली लेन पर चार पहिया वाहनों का आवागमन मुश्किलों भरा रहा।
यातायात पुलिस ने ई रिक्शा, ऑटो व सभी चार पहिया वाहनों को नगर पालिका के पास से दादामिया चौराहा हुए छोटा चौराहा तक जाने वाले एकल मार्ग से आवागमन शुरू कराया। कुछ ही देर में इस मार्ग पर भी जाम लगने से मजबूरन चार पहिया वाहनों के लिए सीधा रास्ता खोलना पड़ा। बस स्टेशन से बड़ा चौराहा तक जाम लगने से गांधी नगर तिराहा की ओर जाने के लिए वाहन सवार लोगों ने कचहरी पुल का रास्ता चुना। वाहनों का दबाव बढ़ने से एसपी ऑफिस तिराहा से बड़ा चौराहा तक जाम लगता रहा।
विज्ञापन

यातायात प्रभारी अरविंद पांडेय ने बताया कि डेढ़ महीने तक रूट डायवर्जन रहेगा। आईबीपी चौराहा से बड़ा चौराहा, गांधी नगर तिराहा की ओर जाने वाले वाहनों को एकल मार्ग से निकाला जाएगा। बड़ा चौराहा जाने वाले वाहनों को कचहरी पुल से निकाला जाएगा। गांधीनगर तिराहा से बड़ा चौराहा की ओर जाने वाले वाहनों को हाईवे या लोकनगर मार्ग से निकाला जाएगा। बड़ा चौराहा और अताउल्ला नाला के बीच काम चलने के दौरान कचहरी पुल से गांधीनगर तिराहा की ओर तीन व चार पहिया वाहनों के जाने पर रोक रहेगी। फुटपाथ और सड़क पर किया गया अतिक्रण हटवाने के साथ ही, जलनिगम से नालियों पर सीमेंट या लोहे की चादरें रखवाने को कहा जाएगा। इससे धीमे ही सही लेकिन वाहन निकाले जा सकेंगे।
जल निगम के एक्सईएन केके कटियार ने बताया कि प्रयास किया जा रहा है कि जाम न लगे। कोशिश है कि खुदाई व निर्माण का अधिकांश काम रात के समय कराया जाए। कोशिश की जा रही लोगों को ज्यादा दिक्कतों का सामना न करना पड़े और निर्बाध रूप से काम भी हो जाए। इसके लिए जेई व अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें