सोनिक। दिवाली पर पटाखों के शोर से होने वाले ध्वनि व वायु प्रदूषण की जांच की तैयारी शुरू कर दी गई है। प्रदूषण विभाग मंगलवार से इसकी निगरानी शुरू करने जा रहा है।
चार नवंबर को दिवाली मनाई जाएगी। इस दौरान पटाखों का काफी शोर होता है। पटाखों से वायु व ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है। अब प्रदूषण विभाग मंगलवार से प्रदूषण की निगरानी शुरू करने जा रहा है। निगरानी दिवाली के दो दिन बाद तक जारी रहेगी। क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी राधेश्याम ने बताया कि दिवाली पर्व से पहले और बाद में ध्वनि व वायु प्रदूषण में बढ़ोत्तरी की मॉनीटरिंग शुरू की जाएगी। इसके लिए शहर के पॉश इलाके व औद्योगिक क्षेत्र में ध्वनि व वायु प्रदूषण मापक यंत्रों को भी लगाया जाना है। इसमें पॉश इलाके रूप में शहर के आईबीपी चौराहा और आवास विकास कालोनी को चुना गया है। वहीं औद्योगिक क्षेत्र दही में मापक यंत्र लगाया जाएगा। मंगलवार से इसकी निगरानी शुरू की जाएगी। छह नवंबर तक निगरानी की जाएगी। इस निगरानी के दौरान पटाखों से फैले प्रदूषण की रिपोर्ट तैयार करके लखनऊ मुख्यालय भेजी जाएगी।