उन्नाव। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के दायरे में आने वाली ग्राम पंचायतों की संख्या बढ़ गई है। अब एक्सप्रेसवे के लिए 32 गांवों की भूमि अधिग्रहीत की जाएगी। भूमि की नापजोख समेत अन्य कागजी प्रक्रिया पूरी करके अधिग्रहण की अनुमति के लिए प्रस्ताव राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को भेजा गया है।
जनपद में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे छह लेन का होगा। एक्सप्रेसवे के दायरे में पहले जिले के 29 गांव आ रहे थे। भूमि का रेखाकंन शुरू हुआ तो तीन गांव और बढ़ गए। इनमें आटा, करौंदी व कोरारीकला गांव शामिल हैं। इसके बाद कुल 32 गांवों में भूमि अधिग्रहण की कवायद शुरू करने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। प्रभारी जिला भूमि अध्याप्ति अधिकारी चंदन पटेल ने बताया कि 29 गांवों में भूमि अधिग्रहण शुरू कराने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसका प्रस्ताव बनाकर कार्यदायी संस्था एनएचएआई को भेज दिया गया है। अब सिर्फ तीन गांवों की जमीन का प्रस्ताव होना शेष है। गजट के माध्यम से यह बताया जाएगा कि इन गांवों की कौन सी जमीन अधिग्रहित की जा रही है। इस पर दावे और आपत्तियां मांगी जाएंगी। आपत्तियों के निस्तारण के बाद जमीन के अधिग्रहण के लिए फाइनल गजट जारी किया जाएगा।