प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बने मार्ग का लोकार्पण करते सांसद। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। सांसद साक्षी महाराज ने सफीपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को सुहाने सफर की सौगात दी। शनिवार को क्षेत्र के 25 किमी लंबे चार खस्ताहाल मार्गों में दो का शिलान्यास और दो का निर्माण पूरा होने के बाद लोकार्पण किया। सांसद ने कहा कि पीएमजीएसवाई योजना में उन्नाव जिले को सबसे ज्यादा सड़कें स्वीकृत कराईं।
विधानसभा सफीपुर में कटियामऊ संपर्क मार्ग 7.350 किमी लंबा है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत 502.440 लाख की लागत से इस मार्ग का निर्माण कराया गया है। 5.350 किमी लंबे जगदीशपुर मार्ग का निर्माण 324.130 लाख से कराया गया है। सांसद ने इन दोनों मार्गों का लोकार्पण किया। इसके अलावा 7.550 किमी लंबे सकहन राजपूतान से पावा वाया फ ाजिलपुर (लागत 549.866 लाख) और 5.140 किमी लंबे नौगवां कैनाल वाया पनापुर कला (लागत 388.73 लाख) का शिलान्यास किया। सांसद ने बताया कि केंद्र की इस योजना में उन्नाव जिला देश में नंबर एक है। बताया कि वित्तीय वर्ष 2020-21 में 233.32 किमी लंबे 29 मार्गों को स्वीकृत कराया। इनकी कुल लागत 173 करोड़ रुपये है। अलावा 235 किमी लंबे 34 मार्गों का सर्वे ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा किया जा रहा है। रविवार को भी कुल 41 किमी लंबे पांच मार्गों की आधारशिला रखेंगे।