फतेहपुर चौरासी। कालीमिट्टी शिवराजपुर मार्ग पर ग्राम हिंदूपुर पुलिया के पास तीन वर्ष पूर्व गंगा में आई बाढ़ से कटे मार्ग पर लघु सेतु निर्माण फिर से शुरू हो गया है।
गंगा कटरी व क्षेत्रीय जनता का आवागमन इस प्रमुख मार्ग कटान के चलते अवरुद्ध है। इसके चलते लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। जनता की कई बार मांग के बाद फरवरी में कटान पर लघु सेतु निर्माण शुरू हुआ था। 25 जून को गंगा के जलस्तर में बढ़ोत्तरी होने से निर्माण स्थल पर पानी भर गया। इससे निर्माण कार्य बंद हो गया था। लोग नाव से आवागमन करने लगे। जलस्तर घटने पर सोमवार को लघु सेतु निर्माण का कार्य दस दिन बाद पुन: शुरू हो गया। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता नागेंद्र ने बताया कि निर्माण स्थल पर पानी घट गया है। सोमवार से लघु सेतु के पिलर (खंभे) की जुड़ाई का काम शुरू कर दिया गया है। यदि गंगा का जलस्तर एवं मौसम अनुकूल रहा तो जल्द ही लघु सेतु का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।