जिला अस्पताल रोड पर अतिक्रमण हटवाते यातायात प्रभारी प्रदीप कुमार।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। हटाए जाने के पांच दिन बाद ही दुकानदारों ने फुटपाथ पर फिर कब्जा कर लिया। यातायात पुलिस ने सोमवार को फिर अभियान चलाकर फुटपाथ खाली कराया। सड़क पर चल रहे टेंपो स्टैंड को हटवाने के साथ ही सड़क पर खड़े 37 बसों व टेंपो का चालान किया। यातायात प्रभारी ने चेतावनी दी कि अब दोबारा फुटपाथ घेरा तो सामान जब्त किया जाएगा।
शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात पुलिस की ओर से पिछले सप्ताह चलाए गए अभियान के बाद फिर कब्जे शुरू हो गए। सोमवार को यातायात प्रभारी प्रदीप कुमार ने अस्पताल रोड, गांधी नगर से आदर्श नगर तक फुटपाथ व सड़क से कब्जे हटवाए। इस दौरान 46 पक्की दुकानों के सामने भी फुटपाथ पर कब्जा मिलने पर तुरंत हटवाया गया। यातायात प्रभारी ने चेतावनी दी कि अगली बार कब्जा पाए जाने पर सामान जब्त किया जाएगा। पुलिस ने गुमटी दुकानदारों द्वारा तिरपाल व टिन लगाकर किया गया अतिक्रमण हटवाते हुए हिदायत दी कि बचाव के लिए सिर्फ 2.5 मीटर चौड़ा तिरपाल ही लगा सकते हैं। ताकि फुटपाथ खाली रहे। इस दौरान कानपुर-शुक्लागंज टेंपो स्टैंड पर सड़क व फुटपाथ घेकर खड़े टेंपो को हटवाकर रामीलाल मैदान भेजा गया।