हसनगंज। सफाई में की गई खानापूर्ति से पानी ओवर फ्लो हुआ और माइनर की खांदी कट गई। इससे डेढ़ सौ बीघे में बोई गई गेहूं समेत अन्य फसलें जलमग्न हो गईं। सूचना पर भी नहर विभाग का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
शारदा नहर से जुड़ी मोहान रजबहा माइनर की सफाई में ठेकेदार ने कोरम पूरा किया। झाड़-झंकार होने से पानी आगे नहीं बढ़ पाया। इससे ऊंचगांव व घुरामऊ गांव के पास मंगलवार को भोर पहर खांदी कट गई। बहाव तेज होने के कारण कुछ ही देर में आसपास के 150 बीघे में बोई गई गेहूं व सरसों की फसल में पानी भर गया। किसानों ने नहर विभाग के अधिकारियों को सूचना दी लेकिन मौके पर कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा। शाम को कुछ किसानों ने खुद ही खांदी बांधने की कवायद शुरू की लेकिन बहाव तेज होने के कारण खांदी नहीं बांधी जा सकी।
घुरामऊ गांव के किसान सुनील, राजू यादव, बाबू, नन्नक्के, सुंदर, कल्लू, विजय, ऊंचगांव में छोटेलाल विशंभर, संजय, रामआसरे, राजाराम व छोटेलाल सहित 150 किसानों की फसलें जलमग्न हुई हैं। उप जिलाधिकारी प्रदीप वर्मा ने बताया कि किसानों ने जानकारी दी थी। नहर विभाग को खांदी बांधने के लिए कहा गया है।