फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हंगामा की भेंट चढ़ी प्रधानों की कार्यशाला

Wed, 19 Oct 2016 11:26 PM IST
ब्यूरो अमर उजाला, उन्नाव
विज्ञापन
meeting - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
जिला प्रशिक्षण अधिकारी की टिप्पणी पर नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों की कार्यशाला हंगामे की भेंट चढ़ गई। नाराज प्रधानों ने कार्यशाला का बहिष्कार कर दिया और धरने पर बैठ गए। मामले की जानकारी पर सिटी मजिस्ट्रेट व एसडीएम मौके पर समझाने पहुंचे, लेकिन प्रधान डीएम को ही बुलाने की मांग पर डटे रहे। आखिरकार चार घंटे बाद डीएम सुरेंद्र सिंह निराला प्रेक्षागृह पहुंचे और प्रधानों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद कार्यशाला दोबारा शुरू हुई।
विज्ञापन

क्षमता विकास के लिए सिकंदरपुर करन, सरोसी, बिछिया, बीघापुर, सुमेरपुर, पुरवा, हिलौली व असोहा के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों की कार्यशाला निराला प्रेक्षागृह में बुधवार सुबह नौ बजे से शुरू हुई। इसका शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष संगीता सेंगर ने किया। इसके बाद डीएम सुरेंद्र सिंह व मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) संजीव सिंह ने प्रधानों को संबोधित कर बीघापुर में आयोजित किसान मेले के लिए निकल गए।
आखिर किस बात पर हत्थे से उखड़े प्रधान
दोपहर करीब 12 बजे जिला प्रशिक्षण अधिकारी धीरेंद्र सिंह यादव ने प्रधानों को संबोधित करना शुरू किया। इसी बीच करन ब्लाक के बलई प्रधान रमेशचंद्र यादव ने छह माह से मनरेगा भुगतान न होने का प्रश्न उठाया। इस पर प्रशिक्षण अधिकारी ने कहा कि यहां पर केवल सुनना है। यदि आप सुनना नहीं चाहते हैं तो बाहर चले जाओ। अधिकारी की इस टिप्पणी पर प्रधान भड़क उठे और भारी संख्या में प्रधानों ने कार्यशाला का बहिष्कार करते हुए प्रेक्षागृह से बाहर आ गए। यहां पर सभी परिसर में एकत्रित होकर नारेबाजी करने लगे। कुछ प्रधान जमीन पर ही धरने पर बैठ गए।
विज्ञापन

अधिकारी के माफी मांगने पर भी नहीं बनी बात
इसकी जानकारी मिलने पर प्रशिक्षण अधिकारी ने माफी भी मांगी लेकिन इसके बाद भी प्रधान नहीं मानें। परियोजना निदेशक डीआरडीए रामकृपाल चौधरी, डीपीआरओ सर्वेश पांडेय समेत अन्य अधिकारी भी प्रधानों को समझाने पहुंचे। इसी बीच मामले की जानकारी डीएम को हुई तो उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार सिंह व एसडीएम सदर विनय प्रकाश श्रीवास्तव को भेजा। दोनों अधिकारियों ने प्रधानों से बात की लेकिन इसके बाद भी प्रधान नहीं मानें। शाम 4 बजे के करीब डीएम सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और प्रधानों को समझाया।
अधिकारी की टिप्पणी से नाराज होकर प्रदर्शन करने वाले प्रधानों में एकजुटता का अभाव दिखा। कुछ प्रधान बाहर प्रदर्शन कर रहे थे तो कई प्रधान अंदर हाल में बैठे नजर आए। शुरुआती समय में तो बाहर प्रदर्शन कर रहे प्रधानों के साथ काफी भीड़ दिखी लेकिन जैसे-जैसे समय बढ़ता गया प्रधानों की भीड़ भी कम होती गई। दोपहर 2 बजे के करीब प्रदर्शन करने वाले प्रधानों की संख्या काफी कम हो गई थी।
मतदाता सूची कार्यक्रम में सहयोग की अपील
कार्यशाला की शुरुआत में डीएम सुरेंद्र सिंह ने प्रधानों से जनता का विश्वास जीतने का आह्वान किया। कहा कि कभी-कभी कई गड़बड़ियां जानकारी के अभाव में हो जाती है। डीएम ने विश्वास जताया कि प्रधान अपनी कार्यशैली से गांवों का कायाकल्प करेंगे। सीडीओ संजीव सिंह ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम में प्रधानों से सहयोग की अपील की। इस मौके पर परियोजना निदेशक डीआरडीए रामकृपाल चौधरी ने प्रधानों को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना की जानकारी दी। बताया कि इंदिरा आवास योजना मार्च 16 से समाप्त हो चुकी है। अब इसकी जगह प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना शुरू की गई है। इस दौरान डीडीओ एनबी सविता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें