उन्नाव। जनपद में समाजवादी पेंशन के लिए आए आवेदन फार्मों की ऑनलाइन फीडिंग का काम तेजी नहीं पकड़ पा रहा है। लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत लाभार्थियों के चयन के बाद भी फीडिंग में तेजी न दिखने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई है। इसके चलते अब फीडिंग के काम में तेजी पकड़ाने के लिए रविवार को भी कार्यालय खोलकर काम होता रहा।
प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी समाजवादी पेंशन योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को प्रतिमाह 500 रुपये की पेंशन दी जाती है। योजना में प्रतिवर्ष 50 रुपये की वृद्धि की जानी है। जो अधिकतम 750 रुपये प्रति माह पर पहुंचाई जाएगी। पिछले साल जनपद को 55 हजार से अधिक का लक्ष्य दिया गया था। इस बार केवल 6453 लाभार्थियों का ही समाजवादी पेंशन के लिए लक्ष्य दिया गया है।
समाज कल्याण विभाग के सूत्रों की मानें तो लक्ष्य के सापेक्ष लाभार्थियों का चयन हो गया है। बेस लाइन सर्वे पूरा हो चुका है। इसके बाद भी लाभार्थियों का डाटा ऑनलाइन नहीं किया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो अभी तक फीडिंग का आंकड़ा 1000 तक नहीं पहुंच पाया है। इसको लेकर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए हैं कि फीडिंग के काम में तेजी लाई जाए। इसके लिए विकासभवन के सभागार में पांच अतिरिक्त कंप्यूटर लगाए गए हैं।
सीडीओ के कड़े निर्देशों के बाद रविवार को भी कार्यालय खुला रहा। बाहरी कंप्यूटर आपरेटरों के साथ एक समाज कल्याण विभाग के कर्मचारियों को लगाया गया है। कर्मचारी खुद की निगरानी में फीडिंग करा रहे हैं। बताया जाता है कि करीब एक माह तक फीडिंग का काम चलेगा।