बांगरमऊ। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर आसीवन थानाक्षेत्र के गौरियाकला गांव के सामने तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई। कार डिवाइडर तोड़ते हुए खंती में गिर गई। हादसे में कार सवार दो फुफेरे भाइयों समेत तीन की मौत हो गई। तीन लोग घायल हो गए। इन्हें सीएचसी से लखनऊ रेफर कर दिया गया। कार सवार हरदोई जिले के सांडी में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रविवार सुबह यह लखनऊ लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार के सामने कुत्ता आने से हादसा हो गया। मृतक अलग-अलग जिलों के रहने वाले थे। यह लखनऊ में काम करते थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। कार में छह लोग सवार थे। मृतकों में एक विधानसभा अध्यक्ष के साथ चलने वाले गनर का चचेरा भाई है।
आसीवन थानाक्षेत्र के गांव गौरियाकला के सामने रविवार सुबह एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार के सामने अचानक कुत्ता आ जाने से वह अनियंत्रित हो गई। कार डिवाइडर को तोड़ते हुए खंती में चली गई। हादसे में कार सवार हरदोई जिले शहादत नगर निवासी मुदित दीक्षित (23) पुत्र राजेश कुमार, लखीमपुर के पसिगवां निवासी सचिन शुक्ला (24)पुत्र आदर्श शुक्ला व कार चालक यादवेंद्र(28) पुत्र बृजकिशोर सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे में सीतापुर के रेउसा किशोरगंज निवासी उमाशंकर अवस्थी(26) पुत्र कमलेश, हरदोई सांडी के मोहल्ला नवाबगंज निवासी सौरभ गुप्ता (22) पुत्र अनिल कुमार गुप्ता व लखनऊ के मुंशीगंज निवासी मोहन पाठक(28) पुत्र शिवेंद्र घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां डाक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। तीनों घायलों को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। यहां उमाशंकर व सौरभ की हालत गंभीर बनी है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मुर्दाघर पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर कोतवाल अरविंद सिंह ने शवाें का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम कराया। कोतवाली प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं आई है। तीनों शवाें को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
.............................
मुदित व सचिन हैं फुफेरे भाई
सचिन के पिता आदर्श ने बताया कि हादसे का शिकार हुआ मुदित और सचिन फुफेरे भाई थे। सचिन पॉलिटेकिभनक व मुदित आईटीआई कर चुका था। मुदित लखनऊ के डालीगंज में डैकिन कंपनी में अप्रेंटिस कर रहा था। सचिन एचएल में अप्रेंटिस कर रहा था। यह लोग साथ में काम करने वाले दोस्त हरदोई के सांडी निवासी देववृत शुक्ला की बहन की शादी समारोह में शनिवार को गए थे। साथी मोहन पाठक ने यादवेंद्र की कार बुक की थी। रविवार सुबह यह लौट रहे थे। तभी हादसा हो गया। मृतक मुदित विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित के गनर दुर्गेश दीक्षित का चचेरा भाई था।
..................................
मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था
हादसे का शिकार हुआ मुदित तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। मुदित के पिता राजेश किसान हैं। मां सुनीता गृहणी हैं। मुदित की मौत की सूचना घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचे। शव देखकर पिता बेहोश हो गया।
..................................
परिजनों के बुढ़ापे की लाठी था सचिन
सचिन माता-पिता की इकलौती संतान था। वह उनके बुढ़ापे का सहारा था। पिता आदर्श खेती करते हैं। मां विभा शुक्ला गृहणी हैं। बेटे की मौत से परिजन रो-रोकर बेहाल रहे।
..................................
इकलौती संतान के खोने से बेहाल रहे परिजन
गोरखपुर के दिव्यानगर निवासी कार मालिक व चालक यादवेंद्र पुत्र बृजकिशोर सिंह इस समय लखनऊ के इंद्रानगर मोहल्ले में रह रहा था। यादवेंद्र माता-पिता का इकलौता बेटा था। पिता सरकारी टीचर हैं। बेटे को बेरोजगार देखकर उन्होंने जल्द में ही कार खरीदी थी। यादवेंद्र बुकिंग लेकर जाता था। बेटे की मौत से परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद पत्नी के मुताबिक पति ने पहले बुलट लेने के लिए कहा था। उसने मना कर दिया। बाद में ससुर ने कार खरीद दी। यह पता होता तो कभी कार न लेते। बेटे की मौत से मां ग्यास देवी व अन्य परिजन बेहाल हैं।