फोटो-6- जिला अस्पताल के पास कार में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी। स्रोत: पुलिस
- फोटो : mathura
उन्नाव। जिला अस्पताल के पास गुरुवार की रात तेज रफ्तार कार आगे चल रहे डंपर में पीछे से टकरा गई। इससे कार में आग लग गई। कार चला रहे लेखपाल घायल हो गए, जबकि महिला सहकर्मी बाल-बाल बच गईं। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग बुझाई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। लेखपाल को कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया।
लेखपाल दीपेंद्र तिवारी (37) दही क्षेत्र में तैनात हैं। गुरुवार को कमिश्नर रोशन जैकब के दौरे में साथ गए थे। देर शाम निरीक्षण समाप्त होने के बाद रात में साथी महिला कर्मी के साथ कार से किसी काम से निकले थे। पीडीनगर से जिला अस्पताल की तरफ आ रहे थे। कार के आगे डंपर चल रहा था। जिला अस्पताल के पास ब्रेकर देख डंपर चालक ने ब्रेक लगाई। इस पर पीछे से आ रही लेखपाल की कार डंपर में टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में आग लग गई। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर चला गया। लेखपाल के सिर और नाक में चोट आ गई। कार भी जलने लगी।
मौजूद लोगों ने दीपेंद्र को जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर एसडीएम क्षितिज द्विवेदी, कोतवाल संजीव कुशवाहा और साथी लेखपाल पहुंच गए। नाक में गंभीर चोट होने से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। सूचना पर फायरकर्मी मौके पर पहुंचे और कार में लगी आग बुझाई।
अग्निशमन अधिकारी राममिलन भारती ने बताया कि डंपर में टकराने से कार में आग लगी थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने लेखपाल की ही गलती बताई थी।
फोटो-6- जिला अस्पताल के पास कार में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी। स्रोत: पुलिस- फोटो : mathura