उन्नाव। उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) के अभ्यर्थी अव्यवस्थाओं से जूझे। शुक्रवार की शाम ट्रेनों और रोडवेज की बसों में धक्के खाते आए और रेलवे स्टेशन पर सुबह होने का इंतजार किया। स्थिति यह थी कि स्टेशन परिसर अभ्यर्थियों से खचाखच भरा था।
प्रयागराज और जौनपुर से आए अभ्यर्थियों को रात में सोने तक को नहीं मिला। जागकर रात काटी। सुबह होते ही परीक्षा केंद्रों की ओर निकल पड़े। बसें न मिलने पर अधिक किराया देकर ऑटो और ई-रिक्शा से परीक्षा केंद्र पहुंचे। अभ्यर्थियों ने बताया कि यातायात व्यवस्था पर सरकार के दावे फेल हो गए। दो पालियों में हुई परीक्षा में 10214 अभ्यर्थी शामिल हुए। 3370 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं आए।
दो दिन होने वाली पीईटी के लिए जिले में 16 केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन पहली पाली में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली शाम तीन से पांच बजे तक की परीक्षा के लिए 13584 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रयागराज और जौनपुर के अभ्यर्थी शुक्रवार की रात आठ बजे से ही ट्रेन और बसों से आने लगे थे। ठहरने की सही जगह न होने से रेलवे स्टेशन पर ही पहुंच गए। रात 10 बजे तक प्लेटफार्म-एक और दो खचाखच भर गए। फर्श पर कुछ छात्र चादर बिछाए तो कुछ बिना चादर के बैग पर सिर रखे लेटे थे।
प्रयागराज से आए अभय वर्मा, सुनील कुमार पटेल, अमरेंद्र कुमार पाल, अखिलेश यादव और आजाद यादव ने बताया कि पहले तो ट्रेन का टिकट लेने में मारामारी करनी पड़ी। फिर ट्रेन में धक्के खाने पड़े। रात स्टेशन पर जागकर गुजारी। रात में सही से खाना, पीना भी नहीं हो पाया। बताया कि किसी का सेंटर स्टेशन से पांच किलोमीटर तो किसी का आठ किलोमीटर दूर है। ऐसे में सेंटर तक पहुंचने में भी मशक्कत करनी पड़ी।
डीआईओएस सुनीलदत्त ने बताया कि पहली पाली में पंजीकृत 6792 अभ्यर्थियों में 5097 शामिल हुए, 1695 ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में 6792 में से 5117 ने परीक्षा दी, 1675 छात्र अनुपस्थित रहे।
चालकों ने वसूला मनमाना किराया
उन्नाव। अभ्यर्थियों को परेशानी से बचाने के लिए यातायात विभाग की ओर से परीक्षा केंद्रों के एनाउंसमेंट की सुविधा दी गई थी लेकिन जिनको चमरौली स्थित पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, हाईवे स्थित माउंट लिट्रा जी स्कूल, गदनखेड़ा स्थित पैट्रियाट इंटर कॉलेज जाना था, उन्हें परेशानी हुई। वह भटकते नजर आए। यही हाल सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल, डीह स्थित पैट्रियॉट इंटर कॉलेज पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को रहा। इन केंद्रों तक परीक्षार्थियों को ले जाने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों ने 30 से 40 रुपये किराए की जगह 90 से 150 रुपये तक वसूले।
फोटो-15- डीएसएन कॉलेज से पीईटी के बाद बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद
फोटो-15- डीएसएन कॉलेज से पीईटी के बाद बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद
फोटो-15- डीएसएन कॉलेज से पीईटी के बाद बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद